अहरौरा। सिर और चेहरा कूंचकर हत्या करने के बाद खप्पर बाबा आश्रम से चुना दरी मार्ग पर बीते 26 जनवरी को शाम को फेंके गए अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस सोशल मीडिया के जरिए युवक के शव की शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है।
वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर स्थित खप्पर बाबा आश्रम मार्ग से चुना दरी जाने के रास्ते पर सड़क से कुछ ही दूरी पर जंगल में शुक्रवार को देर शाम औंधे मुंह पड़े युवक का शव बरामद किया गया था। पुलिस शव को मोर्चरी में भेजने के बाद सोशल मीडिया के जरिए शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है। युवक के सिर और चेहरे को पत्थर से कूंच दिया गया है। ताकि युवक की पहचान न हो सके। शव को पत्थरों से ढंक दिया गया था। मौके पर पुलिस के अलावा फोरेंसिक और डॉग स्क्वाॅड की टीम ने भी जांच की थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि लावारिस हाल में मिले युवक के शव की शिनाख्त सोशल मीडिया के माध्यम से कराने की कोशिश की जा रही है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट की भी जानकारी ली जा रही है, ताकि शिनाख्त कराने में सहयोग मिल सके। शिनाख्त के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।