मिर्जापुर। बुधवार को सुबह कुछ देर के लिए हुई तेज बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी बहुत राहत मिली। दस से पंद्रह मिनट तक हुई तेज बारिश के कारण सड़कों पर कीचड़ हो जाने से फिसलन बढ़ गई। सुबह 11 बजे के बाद धूप निकलने से फिर से उमस बढ़ गई। शाम होते-होते मौसम फिर बदल गया। कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई। इससे विंध्याचल समेत 12 जगह जलभराव हो गया।
बुधवार की सुबह हुई बारिश के कारण नटवां के पास, पथरहिया, भरूहना आमघाट के साथ ही रेहड़ा चुंगी, पटेंगरा नाला समेत नगर में 12 स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हुआ। बुधवार को अधिकतम तापमान तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव का कहना है कि 31 जुलाई तक 334 मिमी बारिश होनी चाहिए। इसकी तुलना में 149.6 मिमी बारिश ही हुई है। पिछले साल 31 जुलाई माह तक 81.7 मिमी बारिश हुुई थी, जो सामान्य बारिश का 24.4 प्रतिशत रहा। उधर, मौसम पूर्वानुमान के आधार पर ग्रामीण कृषि मौसम सेवा भू-भौतिकी विभाग बीएचयू के नोडल अधिकारी प्रो. रवि शंकर सिंह व तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिव मंगल सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में तेज बारिश के आसार नहीं हैं। आसमान में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अच्छी बारिश की कोई संभावना नहीं है।