उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के एक गांव में बीती रात पिता ने अपने ही बेटे को फावड़े से वार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना कछवां थाना क्षेत्र के जमुआ चौकी अंतर्गत आही गांव की है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय चंद्रशेखर का उसके पिता सुक्खु राम से शनिवार की रात को विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों मारपीट करने लगे। घर वाले दोनों को अलग करने की कोशिश में जुटे लेकिन असफल साबित हुए। इस दौरान पिता ने फावड़े से पुत्र के सिर पर वार कर दिया। जब तक लोग समझ पाते फावड़े के वार से चंद्रशेखर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। मारपीट की जानकारी होने पर लोगों की भीड़ लग गई। परिजन व पड़ोसी घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
बेटे की मौत की सूचना पर पिता गांव से फरार हो गया। परिजनों के मुताबिक दोनों शराब के नशे में पारिवारिक विवाद को लेकर भिड़े थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि फरार आरोपी पिता की तलाश की जा रही है।