फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: रॉड से हमला कर चालक की हत्या, ट्रक पर लदे बालू पर मिला शव

विज्ञापन
विज्ञापन
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के पथरहिया मार्ग पर पीएसी गेट के पास बालू लदे खड़े ट्रक पर चालक की हत्या कर रखा गया शव बरामद हुआ। लावारिस हाल में ट्रक खड़ा होने की सूचना पर पहुंचे वाहन स्वामी ने बालू पर चालक का शव देख पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कटरा कोतवाली पुलिस ने छानबीन की। चालक के सिर में चोट लगी थी। शव के पास लोहे का राॅड रखा था। इससे हत्या की आशंका जताई गई। सूचना पर एसपी और एएसपी सिटी ने फील्ड यूनिट और डाॅग स्क्वाॅड के साथ पहुंचकर छानबीन की। ट्रक का खलासी फरार है। उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन

मड़िहान थाना क्षेत्र के शिष्टाकला गांव निवासी राजेंद्र विश्वकर्मा (38) लंबे समय से ट्रक चलाने का काम कर रहे थे। गांव निवासी ट्रक मालिक नीरज प्रजापति उर्फ सोमारू बीते चार मई को कटनी से ट्रक पर चोकर लादकर घर आएथे। उसे चोकर लेकर बिहार जाना था। नीरज के घर शादी थी तो उन्होंने गांव निवासी चालक राजेंद्र विश्वकर्मा को ट्रक बिहार लेकर जाने के लिए कहा। राजेंद्र चार मई को ट्रक लेकर बिहार के दलसिंह सराय गए। वहां चोकर उतारकर बिहार के गया के डोभी से बालू लोड किया। बालू लादकर वे मिर्जापुर के लिए चले। उनके साथ 15 दिन पहले काम पर आया परिचालक दीनानाथ वर्मा निवासी बबुरी थाना जिगना भी था। मंगलवार की रात करीब आठ बजे राजेंद्र ट्रक लेकर पड़री थाना क्षेत्र के अघवार हल्का पहाड़ी पर पहुंचे। रात करीब नौ बजे ट्रक मालिक नीरज की चालक राजेंद्र से बात हुई तो चालक ने बताया कि ट्रक लेकर अघवार क्षेत्र में पहुंचे है। खाना बन रहा है। ट्रक मालिक बुधवार को सुबह छह से आठ बजे तक ट्रक चालक राजेंद्र को फोन करता रहा, परंतु फोन नहीं उठा।
उधर, बुधवार को सुबह करीब नौ बजे कटरा कोतवाली क्षेत्र के पथरहिया मार्ग पर लावारिस हाल में ट्रक खड़ा होने पर किसी ने ट्रक मालिक को फोन किया। ट्रक मालिक ने अपने पड़ोसी सुधाकर मौर्या को वहां भेजा। सुधाकर आया तो ट्रक के केबिन में कोई नहीं दिखा। ट्रक में चाभी लगी थी। वह ट्रक को थोड़ा आगे सड़क किनारे खड़ा कर नीरज को सूचना देकर चला गया। दोपहर 12 बजे के करीब ट्रक मालिक नीरज आया। ट्रक के ऊपर जाकर देखा तो बालू पर तिरपाल से ढंका राजेंद्र का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उसके चेहरे पर सब्जी पड़ी थी। पास में लोहे का राॅड (पाना) भी पड़ा था। जिससे राजेंद्र के सिर की बाईं ओर वार कर हत्या की गई थी। सूचना पर कटरा कोतवाल अजय सेठ मौके पर पहुंचे। मौके पर एसपी अभिनंदन, एएसपी सिटी नितेश सिंह, सीओ सिटी मनोज गुप्ता ने डाॅग स्क्वाॅड और फील्ड यूनिट टीम के साथ पहुंचकर छानबीन की। शव को ट्रक से उतरवाकर परिजनों को सूचना देने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस राजेंद्र के साले राजकुमार निवासी चुनार की तहरीर पर खलासी दीनानाथ वर्मा निवासी बबुरी जिगना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन का कहना है कि ट्रक चालक का शव मिला है। खलासी फरार है। खलासी पर हत्या की आशंका है। उस पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। दो टीमें लगाई गई हैं। जल्दी ही आरोपी को पकड़कर हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें