जमालपुर। थाना क्षेत्र के रामपुर-जलालपुर संपर्क मार्ग पर मंगलवार की शाम साढ़े सात बजे घनश्यामपुर गांव के पास बेलहर माइनर में टोटो पलट गई। इस हादसे में जमालपुर बाजार निवासी मनोज केसरी उर्फ नेपाली (45) पुत्र राजेंद्र केसरी की मौत हो गई। मनोज टोटो से अदलहाट से जमालपुर लौट रहा था। उसी दौरान रास्ते में सामने से आ रहे चार पहिया वाहन के प्रकाश से उसकी आंखें चौंधिया गईं। इससे वे अनियंत्रित होकर टोटो समेत माइनर में चले गए। माइनर में टोटो से दब जाने से बाहर नहीं निकल पाए और माइनर के पानी में डूबकर उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला एवं एंबुलेंस से सीएचसी भेजवाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रामनरायन सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।