मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मंगलवार को निर्माणाधीन विंध्य काॅरिडोर का निरीक्षण किया। इस दौरान न्यू वीआईपी मार्ग, पुरानी वीआईपी मार्ग तथा पक्का घाट मार्ग पर किनारे फुटपाथ और नालियों पर अतिक्रमण दिखने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके से अतिक्रमण भी हटवा दिया।
उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी दी कि फुटपाथ और नालियों पर अतिक्रमण किए जाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। साथ ही यह भी कहा कि अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना भी वसूल किया जाएगा। उन्होंने दुकानों के सामने गंदगी दिखने पर सख्ती दिखाई और अधिकारियों को दुकानों के सामने गंदगी दिखने पर संबंधित का चालान करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को न्यू वीआईपी मार्ग पर बीच-बीच में लगे पुराने बिजली के खंभों को हटवाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को विंध्य कॉरिडोर की सीढ़ियों पर रेलिंग का कार्य 10 फरवरी तक पूरा कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को काॅरिडोर में चल रहे सभी कार्यों की प्रतिदिन कार्ययोजना बनाकर प्रगति की जानकारी नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने तीन फरवरी तक हवन कुंड तथा इसके ऊपर खिड़कियों में छह फरवरी तक जाली लगाने का काम हर हाल में पूरा कराने की हिदायत दी। उन्होंने विंध्यवासिनी धाम परिसर के पूरब दिशा तथा कोतवाली की तरफ से आने पर प्रवेश प्लाजा के मुख्य गेट के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। पक्का घाट मार्ग पर नालियों पर पत्थर बिछाने का काम एक फरवरी तक पूरा कराने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि विंध्य कॉरिडोर का काम अंतिम चरण में है। अब इसका नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत के अलावा राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक वीरेन्द्र कुमार मौजूद रहे।