मिर्जापुर। मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी. ने बैठक में नहीं आने पर क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ ही अध्यापकों की उपस्थिति आदि के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर बीएसए से स्पष्टीकरण मांग लिया है। इसके अलावा सोनभद्र में सड़कों की खराब स्थिति पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से भी स्पष्टीकरण मांग लिया है।
मंडलायुक्त शनिवार को कार्यालय में शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों, कानून व्यवस्था, राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने बी, सी व डी श्रेणी प्राप्त करने वाले मंडल के सभी मंडल स्तरीय अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताते हुए अगले माह प्रगति में सुधार कर ए श्रेणी प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को झोलाछाप के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी मिर्जापुर प्रियंका निरंजन, भदोही जिलाधिकारी विशाल सिंह, सोनभद्र बीएन सिंह, पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर अभिनंदन आदि मौजूद रहे।