विंध्याचल। प्रदेश सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट विंध्य काॅरिडोर के निर्माण कार्य में हुई प्रगति का बृहस्पतिवार को शाम को मंडलायुक्त डाॅ. मुथुकुमार स्वामी बी. ने निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के लिए मंडलायुक्त जब निर्माणाधीन विंध्य कॉरिडोर पहुंचे तो बारिश होने लगी। इसके बावजूद उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेकर मौके पर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को उन्होंने कार्य की गति तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने परिक्रमा पथ के अंदर भूमिगत बिजली के कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी। कहा कि सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट को समय से पूरा किया जाना चाहिए। ताकि इसे शीघ्र ही श्रद्धालुओं के लिए समर्पित किया जा सके। इसके पूर्व नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह ने राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया था। मंडलायुक्त के निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के सफाई नायक मौके से नदारद रहे, लेकिन नगर पालिका के अधिकारी मौजूद रहे। सदर बाजार कोतवाली मार्ग पर भी सड़क के बीचोबीच डिवाइडर के बारे में जानकारी ली। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट प्रबंधक वीरेंद्र कुमार, विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, एसडीओ प्रताप कुमार भार्गव, विनय कुमार वैश्य, अजय कुमार आदि मौजूद रहे।