जल जीवन मिशन के तहत प्रस्तावित कार्यों के क्रियान्वयन में प्रदेश में जिले ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रथम चरण में साढ़े तीन लाख लक्ष्य की तुलना में अब तक जलापूर्ति के लिए एक लाख 98 हजार घरों को कनेक्शन दिया गया है। प्रतिदिन दो हजार कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। दिसंबर 2022 में अब तक 33000 घरों को कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
केंद्र सरकार की 2200 करोड़ की भारी भरकम बजट वाली इस योजना का शुभारंभ नवंबर 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इसके तहत जिले के 743 राजस्व ग्रामों के 21 लाख 67 हजार लोग लाभान्वित होंगे।
इस योजना के तहत जिले के नौ स्थानों पर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर हर घर नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की तैयारी है। वर्तमान में 340 गांवों को नियमित जलापूर्ति शुरू हो गई है। इसके लिए आठ स्थानों पर इनटेक वेल बनाकर नौ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए गए हैं। पूरी परियोजना की मानिटरिंग कर रहे अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अमरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि सिविल कार्य 86 प्रतिशत पूरा हो चुके हैं।
उधर, इस परियोजना के तहत जिले में 9591 किमी लंबी जलापूर्ति की पाइपलाइन बिछाने का लक्ष्य है। इसमें से अब तक 8813 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। योजना के तहत 307 ओवरहेड टैंक के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था की जानी है। प्रस्तावित ओवरहेड टैंक का काम भी अंतिम चरण में है। फिलहाल मार्च 2023 से सभी जगह जलापूर्ति शुरू कराने की तैयारी है।