पटेहरा। विकास खंड के कन्हईपुर स्थित पंचायत भवन परिसर में शनिवार को आयोजित चौपाल में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने लोगों की समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया। ग्रामीणों को उन्होंने समस्याओं के निस्तारण का भरोसा भी दिया।
चौपाल में जिलाधिकारी ने केंद्र व प्रदेश की ओर से गरीबों के लिए चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। जिलाधिकारी ने गांव में हुए विकास कार्यों का ग्रामीणों की मौजूदगी में सत्यापन भी किया। चौपाल में जिलाधिकारी को बताया गया कि 2909 की जनसंख्या वाले गांव में 1612 अनुसूचित परिवार हैं। गांव में बिजली का कनेक्शन लेने वालों की संख्या 200 हैं। सौभाग्य योजना का 354 परिवारों को लाभान्वित किया गया है। जिलाधिकारी को यह भी बताया गया कि गांव में कुल 418 शौचालय हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के 19 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के चार लाभार्थियों के आवास निर्माण पूरे हो गए हैं। अंत्योदय के 75 तथा पात्र गृहस्थी के कुल 462 कार्ड धारक हैं। योजनाओं के लाभ से वंचित परसिया गांव के लोगों को बाल पुष्टाहार तथा गर्भवती महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से नाराजगी जताई। साथ ही तीन दिन के अंदर नाम जोड़ने, छूटे लोगों का राशन कार्ड में नाम जोड़ने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने शौचालय के छूटे पात्र लोगों के शौचालय का निर्माण कराने, विधवा, वृद्धा, दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए बीडीओ को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लाभान्वित महिलाओं की तरफ से लगाए स्टाल का भी अवलोकन किया। चौपाल में सीडीओ श्रीलक्ष्मी वीएस, डीपीआरओ अरविंद कुमार, समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दूबे, बीडीओ शैलेंद्र सिंह, प्रधान शांती देवी, एडीओ पंचायत श्रीकृष्ण उपाध्याय आदि मौजूद रहे।