चुनार। नगर पालिका सीमा अंतर्गत तैयार किए जा रहे एफएसटीपी का निरीक्षण करने बुधवार की शाम जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उसकी लागत, कार्य प्रणाली व कई अन्य बिन्दुओं पर कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दरकी हुई सीढियों को दुरूस्त कराने, टैंक में लगे टाइल्स टूटे मिलने पर कमियों को शीघ्र ठीक कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्लांट पर पौधरोपण का कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी अचानक शाम को प्लांट पर पहुंचे और लगभग 20 मिनट तक निरीक्षण किया। इस दौरान नमामि गंगे के प्रोजेक्ट मैनेजर अफजल खान ने 2.04 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे एफएसटीपी के कार्य प्रणाली के बारे में बताया। कहा कि एफएसटीपी नगर की साफ सफाई व्यवस्था में मिल का पत्थर साबित होगा। जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाकर शीघ्र कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी राजपति, सफाई निरीक्षक मिथिलेश कुमार आदि प्रमुख मौजूद रहे ।