मिर्जापुर। प्रदेश में पोषण ट्रैकर एप पर आधार कार्ड की फीडिंग के मामले में जिले की स्थिति गंभीर है। प्रदेश के 75 जिलों में मिर्जापुर का 70वां स्थान है। मिर्जापुर से पड़ोसी जिला सोनभद्र भी आगे है।
जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार योजना के तहत 344489 लाभार्थी पंजीकृत हैं। इन सभी के आधार कार्ड की पोषण ट्रैकर एप पर फीडिंग कराई जानी है, लेकिन अभी तक इनमें से मात्र 334329 लाभार्थियों के ही आधार कार्ड का विवरण पोषण ट्रैकर एप पर फीड किया जा सका है। इस हिसाब से जिले के कुल लाभार्थियों का 97.05 प्रतिशत फीडिंग कराई जा चुकी है। इसके बाद भी जिले को प्रदेश में 70वां स्थान प्राप्त हुआ है। आधार फीडिंग के लिए शासन के कड़े निर्देशों के बाद जिलों में होड़ लगी हुई है कि कौन अधिक फीडिंग कराता है। यही वजह है कि एक-दो स्थान से रैंकिंग बदल जा रही है। पड़ोसी सोनभद्र का स्थान भी सूची में 34वां बताया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा ने बताया कि मात्र कुछ मामलों से यह समस्या हो रही है। सभी संबंधित कर्मचारियों से कहा गया है कि वे तत्परता से पोषण ट्रैकर एप पर आधार की फीडिंग करें। कोई फीडिंग अवशेष न रहे। पोषण ट्रैकर एप पर आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चे, गर्भवती और धात्री महिलाओं के आधार कार्ड फीड किए जाते हैं। ये वे लोग हैं जिनको पोषाहार का वितरण किया जाता है।