मिर्जापुर। पुलिस लाइन रोड स्थित जुबली इंटर कॉलेज में मंगलवार को आपदा प्रबंधन पर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्राथमिक विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय व डिग्री कॉलेज से कुल 1590 शिक्षक, राजस्व, विकास विभाग से लेखपाल, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव व राजस्व कानूनगो को प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला का आरंभ जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने आपदा प्रबंधन पर लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन करके किया। प्रदर्शनी में प्रमुख रूप से विभिन्न आपदाओं बिजली गिरने, आंधी, लू के प्रकोप, शीतलहर, नाव दुर्घटना, सर्पदंश इत्यादि जैसी आपदाओं में क्या करें एवं क्या न करें, इसके बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा राज्य आपदा मोचक निधि के अंतर्गत विभिन्न स्तरों पर स्वीकृत राहत सहायता की भी जानकारी प्रदर्शित की गई है l
जिलाधिकारी ने समस्त शिक्षक प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यशाला में जिन भी बिंदुओं पर प्रशिक्षण ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे हैं, उसके संबंध में वे अपने स्कूल जाकर बच्चों को अवश्य जानकारी दें। आम जन को भी इस अति आवश्यक जानकारी कोसाझा करें। अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व शिव प्रताप शुक्ल ने समस्त शिक्षक प्राशिक्षणार्थियों को अवगत कराया गया की उनकी ट्रेनिंग मुख्यतः तीन बिंदुओं पर होगी। आपदा प्रबंधन का भारत में परिदृश्य, मिर्जापुर की विभिन्न आपदाओं के प्रति संवेदनशीलता, विभिन्न आपदाओं के परिप्रेक्ष्य में क्या करें एवं क्या ना करें के संबंध में तैयारी और अग्निकांड पर मॉक ड्रिल है। कार्यक्रम में अग्निशमन अधिकारी अनिल प्रताप सरोज, खंड शिक्षा अधिकारी प्रतिभा सिंह, जिला आपदा विशेषज्ञ अंकुर गुप्ता, आपदा वरिष्ठ सहायक अनूप सांतुवाला, प्रशिक्षक विकास दुबे, नेहा दुबे, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, अमर सिंह आदि रहे।