मिर्जापुर। जिले के केबी काॅलेज, जीडी बिनानी पीजी कॉलेज और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ने शोध, अकादमिक एवं प्रशिक्षण से संबंधित कार्यों के क्षेत्र में उन्नयन व विकास के लिए समझौता किया है।
पारस्परिक सहयोग के लिए सर्वसम्मति से शनिवार को केबी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर अशोक कुमार सिंह व जीडी बिनानी काॅलेज की प्राचार्य प्रोफेसर वीना सिंह और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य प्रतिनिधि (डायट प्रवक्ता) डाॅ. मनोज कुमार सिंह ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किया। केबी पीजी काॅलेज, जीडी बिनानी पीजी कॉलेज और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान तीनों शोध के साथ ही उन्नयन व विकास में एक दूसरे का सहयोग करेंगे। ये तीनों संस्थान अकादमिक एवं प्रशिक्षण के कार्यों में सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही शैक्षिक उन्नयन के लिए शिक्षण अधिगम शिक्षा तकनीकी, नवीन विधाओं से अपने को परिमार्जित करेंगे। यह समझौता वर्ष 2023-24 के लिए मान्य होगा।