लालगंज। विकास खंड सभागार में मंगलवार को हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में श्रम बजट सहित दो करोड़ रुपये के प्रस्ताव पारित किए गए। इस दौरान डेंगू की जांच व घर-घर जल योजना पर भी चर्चा हुई। बैठक में अनुपस्थित रहे ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
लालगंज क्षेत्र पंचायत की बैठक में पिछली बैठक की कार्यवृत्ति पर चर्चा हुई। खंड विकास अधिकारी हरिओम गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री आवास योजना के जिन लाभार्थियों के आवास अधूरे हैं, उन्हें पूरा किया जाना है। उन्होंने बताया कि विकास खंड के 24 विद्यालयों की चहारदीवारी बनाई जानी है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख जयंत कुमार ने बताया कि पेयजल योजना सभी घरों के लिए बनाई गई है। उन्होंने कहा कि गांव के प्रधान जब तक हर घर नल योजना का लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता है, अनुमोदन नहीं करेंगे। जिला पंचायत सदस्य विष्णु प्रसाद सिंह ने कहा कि योजनाओं में किए गए प्रस्ताव के आधार पर गांवों में विकास कार्य कराए जाने चाहिए। ग्राम प्रधानों ने जिला पंचायत सदस्य के समक्ष हर घर नल योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन का मुद्दा उठाते हुए मांग की कि कोई भी घर नहीं छूटना चाहिए। ग्राम प्रधान रहीस अहमद ने बसही गांव में क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत कराने की मांग की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डाॅ. संजय सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर निशुल्क डेंगू व सीबीसी जांच की जा रही है। कोई भी मरीज सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक जांच करा सकता है। सहायक कृषि अधिकारी संजय पटेल ने प्रधानमंत्री किसान योजना में केवाईसी नहीं कराने वाले किसानों के बारे में जानकारी दी। एडीओ राजेश सिंह ने समूह बनाने की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों को दी। बैठक में विद्युत निगम के अवर अभियंता अभिषेक मौर्य ने बताया कि एकमुश्त योजना का लाभ दिलाने के लिए बिलिंग की जा रही है। बैठक का संचालन पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जयप्रकाश उपाध्याय ने किया।