मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अनाथ या निराश्रित हुए 11 बच्चों को लैपटाप का वितरण किया गया। इनको जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने लैपटाप दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि मुख्ममंत्री बाल सेवा योजना कोविड के अंतर्गत सभी विद्यार्थियों की मदद की जाए। कक्षा-नौ या इससे ऊपर के अध्ययनरत 11 निराश्रित छात्र-छात्राओं को उनकी शिक्षा व पठन पाठन के लिए लैपटाप का वितरण किया गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 61 बच्चे हैं। जिन्हें इस योजना का लाभ दिया जा रहा है।