मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश जल निगम संघर्ष समिति के तत्वावधान में जल निगम कर्मियों का अनशन व प्रदर्शन सोमवार को 21 वें दिन जारी रहा। पिछले पांच माह का बकाया वेतन, पेंशन के साथ ही मृतक आश्रित की अनुकंपा नियुक्ति की बहाली की मांग को लेकर 22 वां मंडल कार्यालय, अभाव खंड कार्यालय एवं गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई कार्यालय पर भोजनावकाश के दौरान चल रहे प्रदर्शन में कर्मचारियों में रोष व्याप्त रहा। कर्मचारियों का कहना है कि जबतक कर्मचारियों की जायज मांगें मान नहीं ली जाती तबतक धरना-प्रदर्शन अनवरत जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान सहायक अभियंता अरविंद राम, मनीष दुबे, आशुतोष श्रीवास्तव, मो.अशफाक खां, दिनेश कुमार, जवाहिर मौर्य, सुनील मिश्र, दीनानाथ पाल, रीता देवी, विद्या देवी, आनंद, शिवप्रसाद, विजय सिंह, अजय पाल, रामप्रसाद पटेल, आदि उपस्थित रहे। धरने का संचालन इं.ऋषिकेश कुमार ने किया।