मिर्जापुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की मिर्जापुर इकाई ने बुधवार को जिलाधिकारी को अगले बजट में व्यापारियों और उद्योगों के लिए विभिन्न सुझावों को शामिल करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया। इसमें आयकर में छूट सीमा बढ़ाकर 10 लाख रुपये की मांग भी की गई है।
ज्ञापन में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष संजय सिंह गहरवार ने कहा है कि बढ़ती महंगाई को ध्यान में रखकर नकद लेनदेन की सीमा बढ़ा कर एक लाख करने तथा आयकर में छूट की सीमा बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की मांग की है। उन्होंने आयकर और जीएसटी देने वाले व्यापारियों के परिवारों के लिए शिक्षा व चिकित्सा सुविधा की मुफ्त व्यवस्था करने की मांग भी की है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जीएसटी के दरों में सरलीकरण कर विषमता समाप्त करने की मांग भी की। संगठन के प्रांतीय उपाध्यक्ष/नगर अध्यक्ष दीपचंद्र जैन ने कहा कि दैनिक इस्तेमाल की वस्तुओं गेहूं, चावल, दाल और आटा के अलावा कपड़ा आदि से जीएसटी समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने 20 साल तक आयकर रिटर्न भरने वाले व्यापारियों को 40000 प्रतिमाह पेंशन दिए जाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में आयुष सिंह, आलोक जायसवाल, कृष्ण कुमार जायसवाल आदि शामिल रहे।