मिर्जापुर। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन व उर्वरक राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर नरायनपुर पंप कैनाल का पानी बहुआर रेग्युलेटर तक पहुंचाने की मांग की है।
केंद्रीय मंत्री ने पत्र में कहा है कि नरायनपुर पंप कैनाल में कोई यांत्रिक परिवर्तन किए बगैर नरायनपुर पंप कैनाल का पानी जो रीवा माइनर के सिकरा तक आ रहा है, उसे सिकरा से वाया गोविंदपुर तक थोड़ी दूर सिविल वर्क के रूप में नहर अथवा चैनल बनाकर बहुआर रेग्युलेटर तक पहुंचाया जा सकता है। इससे रघुनाथपुर माइनर से जुड़े गांवों रघुनाथपुर, हमीदपुर, सरैया, ओईनवा, डेलही आदि में खेतों की सिंचाई हो सकती है। इसके अलावा भड़ेवल माइनर से जुड़े ग्राम बहुआर, रूकुनापुर, महोगनी, भड़ेवल एवं बेलहर माइनर से जुड़े ग्राम जमालपुर, सिकंदरपुर, हनुमानपुर, जलालपुर, तेतरिया आदि के लोगों को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा घरवाह, गोगहरा, चैनपुरा, चरगोड़ा आदि गांवों के लोगों को भी सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा गरई नदी में पानी पहुंचने से आस-पास के गांवों में भी भूगर्भ जलस्तर भी ऊपर आ सकता है। इससे पेयजल की भी सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने पत्र में कहा है कि अहरौरा बांध के कमांड क्षेत्र में नरायनपुर पंप कैनाल का पानी हुसैनीपुर बीयर तक पहुंच सकेगा। इसकी मांग क्षेत्र के लोग लंबे समय से कर रहे हैं।