मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के एक होटल में काम करने आए एक श्रमिक की शनिवार की रात तबीयत खराब हो गई। उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां डाॅक्टर ने रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। विंध्याचल थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि 15 दिसंबर को बिहार के रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया निवासी 40 वर्षीय संतोष एक साथी के साथ होटल में काम मांगने आया था। होटल वाले ने कहा कि अभी खरमास चल रहा है। मकर संक्रांति के बाद आना। इस पर दोनों रेलवे स्टेशन चले गए। वहां संतोष शराब के नशे में था तो उसकी ट्रेन छूट गई जबकि उसका साथी चला गया। वह 16 दिसंबर की सुबह होटल मालिक के पास फिर आया और नहाने के बाद ट्रेन पकड़ने की बात कही। इस पर होटल वाले ने उसे अंदर जाने को कहा। दोपहर में वह शौचालय के पास अचेत पड़ा था। उसे सीएचसी विंध्याचल ले जाया गया, जहां से मंडलीय अस्पताल भेजा गया। मंडलीय अस्पताल में उसकी मौत हो गई। बताया कि परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।