जिगना। थाना क्षेत्र के भोजपट्टी गांव के सिवान में बुधवार की सुबह शौच के लिए गए मजदूर की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई।
क्षेत्र निवासी दशरथ बिंद (43) मजदूरी करता था। वह बुधवार की सुबह छह बजे शौच के लिए सिवान जा रहे थे। रास्ते में ईंट पाथने के लिए निकाली गई मिट्टी से बने लगभग पांच फिट गहरे गड्ढे में पैर फिसलने से औंधे मुंह गिर गए। गड्ढे में गिरकर कीचड़ और पानी में वह फंस गए। साढ़े छह बजे रास्ते से गुजर रहे लोगों ने औंधे मुंह गिरा देखा तो किसी तरह से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई ले गए। लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके दो पुत्र आशीष (10) व अमन (8) हैं। दशरथ की मौत से पत्नी रीता देवी, माता धनमानी देवी व पुत्र शोक में डूब गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच कर छानबीन कर रहे हैं।