अहरौरा। मां की बीमारी से परेशान चल रहे युवक ने जहां कुएं में कूद कर अपनी जान दे दी तो वहीं इससे पहले मां भी बिमारी से चल बसी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुएं से युवक का शव निकलवाया तथा औपचारिकता पूरी की। पहाड़ों पर पत्थर तोड़ कर आजीविका चलाने वाला 30 वर्षीय गंगाराम भगवती देई का निवासी है। चार वर्ष पूर्व उसका विवाह चंदौली के मुड़हुवां गांव में हुआ था। उसे दो वर्ष की पुत्री भी है। मां तारा देवी की बीमारी ने गंगाराम को तनाव में ला दिया। आर्थिक तंगी के चलते मां का इलाज नही करा पा रहा था। लोगों से मदद भी मांगी लेकिन कोई सामने नहीं आया। गर्भवती पत्नी और दो वर्षीय मासूम बेटी का पालन पोषण भी उसे भारी पड़ने लगा। ऐसे में वह बुधवार की रात घर नहीं लौटा तो परिजनों व ग्रामीणों ने उसकी तलाश किया। लेकिन पता नहीं चला। गुरुवार की शाम बीमारी से उसकी मां भी चल बसी। क्रिया कर्म के दौरान भी गंगाराम नहीं लौटा। शुक्रवार की सुबह युवक का शव गांव के कुएं में उतराया मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि मांग की बिमारी के चलते गंगाराम के परेशान होन की बात पता चला है। आर्थिक तंगी के चलते विक्षिप्त रहने का मामला भी बताया जा रहा है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है।