मिर्जापुर। सूरत से आ रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में बुधवार की सुबह एक युवक का शव बरामद हुआ। मिर्जापुर स्टेशन पर ट्रेन के रुकने पर जीआरपी ने उसके पास मिले कागजात से पहचान कर परिजनों को सूचना दी। बिहार के जमुई जिले के सोने थाना क्षेत्र के डोमाथान गांव निवासी महेंद्र राणा (27) पुत्र पारों राणा सूरत में काम करता था। वह घर लौट रहा था। ताप्ती गंगा एक्सप्रेस मिर्जापुर पहुंची तो उसका शव बरामद हुआ। यात्रियों की सूचना पर जीआरपी ने मोबाइल के जरिये घरवालों को सूचना दी। जीआरपी प्रभारी हरिशरण यादव ने बताया कि परिजनों से बात के बाद पता चला कि कई दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। इस कारण वह ताप्ती गंगा एक्सप्रेस से वापस घर लौट रहा था। इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी। ट्रेन को मिर्जापुर स्टेशन पर रुकने पर यात्री के बेहोश होने की जानकारी मिलने पर डाक्टर बुलाया। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।