मड़िहान/कलवारी। मड़िहान थाना क्षेत्र के जुड़िया जंगल में बृहस्पतिवार को झाड़ी से बाइक और 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की शिनाख्त कराई। युवक एक सप्ताह से लापता था। जंगल में शव मिलने पर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मवेशियों को लेकर चरवाहे शाम को जंगल से घर की तरफ लौट रहे थे। जंगल में बाइक पर नजर पड़ने पर चरवाहा ने पास जाकर देखा तो झाड़ी में शव दिखा। जंगल में शव होने की सूचना गांव में पहुंची तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। पटेवर गांव के कप्सा झरना निवासी बाबा कोल व 35 वर्षीय गौतम कोल दो नवंबर को घोरावल स्थित रिश्तेदारी में गए थे। बाबा ने बताया कि वह वहां रुक गया, जबकि गौतम रात 10 बजे बाइक से घर के लिए निकला। दूसरे दिन बाबा घर पहुंचा तो परिजन गौतम के बारे में पूछने लगे। बाबा ने बताया कि गौतम उसे घोरावल में छोड़कर चला आया था। गौतम के घर वालोें ने मड़िहान थाने में सूचना देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस व परिजन खोजबीन में जुटे रहे, लेकिन कहीं पता नहीं चला। शव मिलने के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। युवक का शव मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। मड़िहान थानाध्यक्ष विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।