विंध्याचल। थाना क्षेत्र के गुदारा घाट स्थित बड़े नाले के पास मंगलवार को सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सुबह 10 बजे के करीब शव की शिनाख्त विंध्याचल के तीर्थ पुरोहित राजेश भट्ट के रूप में हुई। शिनाख्त होने पर परिजनों ने बताया कि रात में ठंड लगने से उनकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के बलुआ घाट निवासी राजेश भट्ट तीर्थ पुरोहित थे। वे सोमवार की रात साढ़े 11 बजे घर से निकले थे। मंगलवार को सुबह उनका शव गुदारा घाट स्थित बड़े नाले के पास मिला। सुबह स्थानीय लोगों ने शव देख कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराने के लिए लोगों को बुलाया। सुबह 10 बजे के करीब परिजनों ने सोशल मीडिया पर वायरल फोटो देखने के बाद मौके पर पहुंच कर शिनाख्त की। भतीजे अंकित भट्ट ने बताया कि वे रात में घर से निकले थे। ठंड लगने से उनकी मौत हो गई। सुबह फोटो देखकर पता चला। वे छह भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनसे दो पुत्रियां हैं। एक पुत्री की शादी हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विंध्याचल कोतवाल दयाशंकर ओझा ने बताया शव कि शिनाख्त कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि होगी।