जिगना। थाना क्षेत्र के बिहसड़ा कला मुराजपुर से रविवार को दोपहर में लापता हुई आकांक्षा का शव मंगलवार को शाम को घर से 50 मीटर दूर एक मकान में उपली के नीचे दबा मिला। मकान में गई बच्ची की बुआ ने दुर्गंध आने पर उपली हटाया तो शव दिखा। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
बिहसड़ा कला मुराजपुर गांव में बीते रविवार को आकांक्षा (8) दोपहर में अपनी मां विमला देवी के पास सोई थी। विमला देवी सोकर उठीं तो पुत्री नहीं थी। मां विमला की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू की। पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में भी लिया था। इस बीच मंगलवार को शाम करीब चार बजे भतीजी के लापता होने की सूचना पर घर आईं बुआ जानकी देवी कुछ औरतों के साथ पास में स्थित अपनी मां का मकान देखने गईं। उस मकान में कोई रहता नहीं है। उसमें लकड़ी, उपली व भूसा आदि रखा जाता हैं। जहां उपली रखी थी, वहां से दुर्गंध आ रही थी। आशंका होने पर जानकी ने उपली हटाया तो आकांक्षा का शव ढंका हुआ मिला। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर थानाध्यक्ष निरीक्षक शैलेश कुमार राय, निरीक्षक राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन के बाद परिजनों को समझा कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आकांक्षा दो भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर पर थी। मां विमला देवी तथा परिजनों ने पुरानी रंजिश में बच्ची की हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने फोरेंसिक और फील्ड यूनिट टीम के साथ पहुंचकर छानबीन की। एसपी ने परिजनों से भी पूछताछ की। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन का कहना है कि बालिका के लापता होने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उसका शव मंगलवार को उपली के ढेर में मिला है। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है। परिजनों ने तीन लोगाें के खिलाफ तहरीर दी है। उनको हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।