अहरौरा। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर स्थित खप्पर बाबा आश्रम मार्ग से चुना दरी जाने के रास्ते पर महज 100 गज की दूरी पर स्थित जंगल में शुक्रवार को देर शाम औंधे मुंह पड़ा अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। युवक के सिर और चेहरे को पत्थर से कूंचकर ढक दिया गया था। सूचना मिलने पर फाेरेंसिक और डॉग स्क्वाॅड के साथ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस साक्ष्य जुटाने के लिए जंगल खंगाल रही है। साथ ही शव की शिनाख्त कराने की कोशिश भी कर रही है।
खप्पर बाबा आश्रम मार्ग से चुना दरी जाने के रास्ते पर 100 गज की दूरी पर 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा होने की सूचना राहगीरों व चौकीदार ने शुक्रवार को देर शाम पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद फोरेंसिक और डॉग स्क्वाॅड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। हत्या की आशंका को लेकर जंगल खंगाला गया, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। युवक के सिर और चेहरे को कूंचकर ढंक दिया गया था। शरीर पर नीला रंग का पैंट, काला जूता, नीला इनर, सफेद स्वेटर मौजूद है। पुलिस ने मार कर फेंक दिए जाने की आशंका जताते हुए शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी भेज दिया। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। शव को मोर्चरी भेज दिया गया है।