सक्तेशगढ़/चुनार। कोतवाली क्षेत्र के परमहंस आश्रम से कुछ दूर जौगढ़ मार्ग पर मंगलवार को सुबह सड़क किनारे झाड़ियों में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके पास मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। उसकी मौत को लेकर तरह-तरह की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के ककराही गांव निवासी राजेश (38) पुत्र राममूरत भवन निर्माण के लिए शटरिंग का कार्य करते थे। वे दो जुलाई को अपने घर से गुरु पूर्णिमा पर सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम के लिए निकले थे। सोमवार को गुरु पूर्णिमा पर्व पर वे आश्रम में रहे। पुलिस ने आशंका जताई कि रात होने पर दूर-दराज से आए अन्य लोगों के साथ राजेश जौगड़ मार्ग पर सो गया होगा। उधर, मंगलवार को सुबह राजेश का शव जौगड़ मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसके पास आधार कार्ड मिला। पुलिस ने आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। राजेश से दो पुत्र और एक पुत्री हैं। संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर सर्पदंश की भी आशंका जताई जा रही है। चुनार कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन के अनुसार बताया कि परिजनों ने बताया कि राजेश बीमार रहता था। वह दो जुलाई को घर से आश्रम जाने के लिए निकला था। शव मिलने पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारण का पता चल सकेगा।