नरायनपुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के रैपुरिया व वाराणसी जिले के टिकरी गांव के बीच मध्य गंगा की रेती पर साथियों के साथ स्नान के दौरान डूबे युवक का शव सोमवार को नरायनपुर पंप कैनाल के पास उतराया मिला। गंगा किनारे मछली मारने गए ग्रामीणों ने पानी में शव उतराया देख स्थानीय पुलिस को सूचना दी। नरायनपुर पुलिस ने मौके पर परिजनों को बुलवाकर शव की शिनाख्त कराई।
रविवार को नौ साथियों के साथ चितईपुर थाना क्षेत्र के एक निजी कंपनी के कर्मचारी गंगा में स्नान करने गए थे। गहरे पानी में चले जाने से पांच युवक गंगा में डूबने लगे थे। तीन युवकों को बचा लिया गया था। अनिल कुमार उर्फ सोनू की मौत वाराणसी के ट्रामा सेंटर जाते समय हो गई थी। साहिल गौतम (24) पुत्र अमित गौतम निवासी शास्त्रीनगर खैराबाद घाषियाना सुल्तानपुर गंगा में लापता हो गए थे। रविवार को वाराणसी से आई एनडीआरएफ की टीम युवक को खोज नहीं पाई थी। सोमवार को सुबह नरायनपुर के पंप कैनाल के पास मछली मारने पहुंचे ग्रामीणों ने शव उतराया देख इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस परिजनों को बुलवाकर उसकी शिनाख्त कराई। शव देखते ही परिजन बिलखने लगे। साहिल गौतम की शादी नहीं हुई थी। वे तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। पिता अमित गौतम पेंटिंग का कार्य करते हैं। घर की माली हालत ठीक नहीं होने के चलते साहिल वाराणसी में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। नरायनपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। अदलहाट थानाध्यक्ष विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि गंगा में डूबे युवक का शव पानी में उतराया मिला है।