नरायनपुर। वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर छोटा मिर्जापुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार को सुबह कोयला लदे खड़े ट्रक में पीछे से डीसीएम टकरा गई। इस हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई। नरायनपुर पुलिस दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
वाराणसी की तरफ से जाने वाला कोयला लदा ट्रक छोटा मिर्जापुर गांव के सामने खड़ा था। सोनभद्र से वाराणसी को जा रही चावल लदी डीसीएम छोटा मिर्जापुर गांव के सामने खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतना तेज था कि डीसीएम के परखच्चे उड़ गए। डीसीएम चालक सोनू कुमार जायसवाल (27) पुत्र जयकुमार जायसवाल निवासी ग्राम सरंगा घोरावल थाना कर्मा सोनभद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही नरायनपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को चुनार स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया। साथ ही सोनू के पास मिले मोबाइल फोन से उनके परिजनों और डीसीएम व ट्रक मालिक को सूचना देकर पुलिस चौकी नरायनपुर बुला लिया। मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। सोनू तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। पिता जयकुमार जायसवाल किसानी का कार्य करते हैं। अदलहाट थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि खड़े ट्रक में टकराने से डीसीएम चालक की मौत हो गई।