विंध्याचल। गंगा दशहरा पर रविवार को आदि शक्ति मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान विभिन्न गंगाघाटों पर भी काफी भीड़ रही। श्रद्धालु गंगा में स्नान कर मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए पहुंचे।
मंगला आरती के बाद भोर से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला अनवरत जारी रहा। माता के दरबार में आने से पहले काफी संख्या में दर्शनार्थियों ने विभिन्न गंगा घाटों पर पहुंचकर स्नान किया। श्रद्धालु स्नान के बाद मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए नारियल, चुनरी, माला-फूल और प्रसाद लेकर कतारबद्ध हो दर्शन के लिए अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे। भीषण उमस और गर्मी की परवाह किए बगैर भक्त माता के दर्शन के लिए डटे रहे। किसी ने गर्भगृह तो किसी ने झांकी से ही माता के दर्शन किए। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के पश्चात माता काली और अष्टभुजा मंदिर पहुंचकर भी भक्तों ने दर्शन किए।