मिर्जापुर। प्रचंड गर्मी में तापमान बढ़ने के चलते अस्पताल में मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो गया है। मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी में बुधवार को दोपहर में काफी संख्या में मरीज पहुंचे। इमरजेंसी कक्ष में भी मरीजों की भीड़ नजर आई।
इस समय तापमान में वृद्धि के चलते सिर दर्द, पेट दर्द और बीपी के ज्यादा संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी में ही 70 से 80 मरीज पहुंच रहे हैं। बुधवार को दोपहर के समय तो इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ लगी रही। इमरजेंसी में दिखाने आने वाले कई मरीजों को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उपचार किया गया। सुबह के समय ओपीडी में भी मरीज ज्यादा आ रहे हैं। अस्पताल में ओपीडी बंद होने के बाद इमरजेंसी में भीड़ बढ़ जाती है। इमरजेंसी में रात के समय भी गर्मी के चलते बीमार होने वाले ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं।