हलिया क्षेत्र के बैधा गांव में रविवार को देर रात एक घर के पास करीब छह फीट लंबा मगरमच्छ देख लोग सकते में आ गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसे पकड़कर अदवा बैराज के पानी में छोड़ दिया।
बैधा गांव निवासी नरेश सिंह रविवार की रात लघुशंका के लिए उठे थे। घर के आसपास कुत्ते भौंक रहे थे। उन्होंने टार्च जलाकर देखा तो मकान के पास एक मगरमच्छ दिखा। करीब छह फीट लंबा मगरमच्छ देखते ही वे सकते में आ गए और शोर मचाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। मोबाइल फोन के जरिए ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन क्षेत्राधिकारी को दी। वन क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर सोमवार को मौके पर पहुंची विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़कर अदवा बैराज के पानी में छोड़ दिया।