मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के डंकीनगंज मोहल्ला निवासी चाय के दुकानदार को मलाई के लिए इंतजार कराना भारी पड़ गया। शुक्रवार की रात 10 से 12 की संख्या में आए युवकों ने दुकानदार पारस और उनके पुत्र पुनीत चौरसिया की पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक सभी फरार हो गए।
पिटाई करने वालों का कहना था कि मलाई रखी होने के बाद भी दुकानदार नहीं दे रहा था। वहीं, दुकानदार का कहना है कि भीड़ न लगाने के लिए इंतजार करने को कहा गया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया।
डंकीनगंज पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर पारस चाय की दुकान स्थित है। चाय की दुकान पर रात के समय काफी भीड़ लग जा रही थी। कटरा कोतवाल के निर्देश पर डंकीनगंज चौकी प्रभारी ने भीड़ न लगाने के लिए दुकानदार को चेताया था।
शुक्रवार की रात को कुछ लोगों दुकानदार से मलाई मांगा तो उसने थोड़ी देर इंतजार करने को कहा, यह बात युवकों को नागवार लगी। आधे घंटे बाद पहुंचे युवकों ने दुकानदार पारस और उसके पुत्र पुनीत की पिटाई कर दी। सूचना पर डंकीनगंज पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक लोग फरार हो गए थे।
घायलों का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने दो नामजद और 10 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया। कटरा कोतवाल रमेश यादव ने बताया कि दुकानदार को भीड़ न लगाने के लिए मना किया गया था, उसने युवकों को मलाई के लिए इंतजार करने को कहा तो उसकी पिटाई कर दी। मामले में दो आरोपी आकाश यादव और मन्नी निवासी विसुंदरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।