डीआईजी जेल इलाहाबाद परिक्षेत्र संतोष कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट पर आईजी जेल देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने मिर्जापुर जिला कारागार के दो बंदी रक्षकों को निलंबित कर दिया। इन पर छह मार्च को पेड़ से कूदकर आत्महत्या करने वाले बंदी रामसजीवन की सुरक्षा में घोर लापरवाही बरतने का आरोप है।
बता दें कि छह मार्च को जिला जेल में बंदी रामसजीवन निवासी कुस्महा मड़िहान ने पेड़ से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। इसकी जानकारी होने पर डीआईजी इलाहाबाद परिक्षेत्र संतोष कुमार श्रीवास्तव ने सात मार्च को जिला जेल पहुंचकर जेल अधिकारियों, बंदी रक्षकों एवं बंदियों का बयान दर्ज कर उनसे पूछताछ की थी। इसमें प्रथम दृष्टया पाया गया कि ड्यूटी पर तैनात बंदी रक्षक रामबरन गौतम और संतोष कुमार ने बंदी की सुरक्षा में घोर लापरवाही बरती थी।
सके अलावा अन्य कर्मियों की भी कमी पाई गई है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर उन्होंने शासन तथा उच्चाधिकारियों को भेज दी। उच्चाधिकारियोें के निर्देश पर आईजी जेल देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बंदी रक्षक संतोष कुमार व रामबरन गौतम को निलंबित करने का निर्देश दिया।
आईजी के निर्देश पर जेल अधीक्षक ओपी कटियार ने दोनों बंदियों को निलंबित कर दिया। कार्रवाई की जानकारी होते ही खलबली मच गई।