मड़िहान क्षेत्र के चौखड़ा गांव से 23 अक्तूबर से लापता युवक की लाश तीन दिन बाद गांव के ही एक कुएं में उतराई मिली। परिवार वालों ने राजकुमार की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपने दो पट्टीदारों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है।
चौखड़ा गांव के रहने वले पूर्व प्रधान रामनाथ का पुत्र राजकुमार (25) रविवार की शाम को साइकल से सौदा लेने के लिए निकला। इसके बाद घर नहीं लौटा। देर रात तक वह घर नहीं पहुुंचा तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। कई स्थानों पर खोजबीन करने के बावजूद राजकुमार का अतापता नहीं लग पाया। रामनाथ ने 24 अक्टूबर की सुबह राजगढ़ पुलिस चौकी में राजकुमार के गुम होने की तहरीर दी।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी कि मंगलवार की शाम कुछ लोगों ने तेलियापुर गांव में एक कुएं में के पास राजकुमार की साइकल व चप्पल देखी। साइकल व चप्पल देख कर लोगों ने उसके घर वालों को सूचना दी। बुधवार की सुबह दोबारा गए तो देखा कि युवक का शव उतराया हुआ है।