जिला अस्पताल में मृतक बंदी के परिवारीजनों से बात करते मड़िहान विधायक ललितेशपति त्रिपाठी।
- फोटो : mirzapur
जिला जेल में पेड़ से कूद कर रामसजीवन द्वारा आत्महत्या करने के मामले की जानकरी होने पर उसके परिवारीजनों ने सवाल खड़ा कर दिया है। कहा कि उन्हें रामसजीवन द्वारा फांसी लगा कर आत्महत्या करने की सूचना दी गई थी तो पेड़ से गिर कर उसकी मौत कैसे हुई ।
परिवार के लोगों द्वारा सवाल उठाने पर मड़िहान विधायक ने जिलाधिकारी राजेश कुमार से मिल कर इस पूरे मामले की मजिस्ट्रेटीयल जांच कराने की मांग की।
बता दें कि रविवार की दोपहर जिला कारागार में बंद चल रहा बंदी रामसजीवन 20 वर्ष पुत्र लाला निवासी कुस्महा ने जिला जेल परिसर में स्थित पीपल के पेड़ से कूद कर आत्महत्या कर ली थी। इसकी जानकारी होने पर मृतक के चाचा ने सोमवार की दोपहर शवगृह पर बताया कि रविवार की सुबह रामसजीवन का भाई सदाफल उससे मिलने के लिए जिला जेल गया था।
आरोप है जेल कर्मियो ने उससे मिलने नहीं दिया। इससे वह वापस लौट आया। शाम करीब चार बजे सूचना दी कि रामसजीवन ने जेल में फंासी लगाकर आत्महत्या कर ली है। यह सुनते ही परिवार के लोग सन्न रह गए। यकीन नहीं हो रहा था कि रामसजीवन ऐसा कर सकता है।
जिला चिकित्सालय पहुंचे तो पता चला कि उसने पेड़ से कूद कर जान दे दी है। परिजनों ने बताया कि दो तरह की बात सामने आने पर मामला संदिग्ध लग रहा है। इसलिए इसकी जांच होनी चाहिए। मड़िहान विधायक ललितेश पति ने कहा कि प्रदेश में सबसे अधिक लोगों की हिरासत में मौतें होती हैं, जिसपर ध्यान नहीं दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी से मिल कर इस पूरे मामले की जांच मजिस्ट्रेट से कराने की मांग की है। साथ ही इसे विधानसभा में उठाएंगे।