बुलंदशहर में मां-बेटी के साथ हुई रेप की घटना के बाद पुलिस ने हाईवे पर चौकसी बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन खुद सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए मंगलवार की देर रात सड़कों पर निकल पड़े। इस दौरान वाहन चेकिंग में उन्होंने इलाहाबाद से एक बोलेरो से जा रहे एक युवती और दो युवकों को हिरासत में लिया। युवती के परिजनों को बुलाने के बाद उसे मजिस्ट्रेट के यहां पेश किया।
पुलिस अधीक्षक पुलिस की सर्तकता की हकीकत जानने के लिए मंगलवार की देर रात खुद सड़क पर निकले थे। रात करीब एक बजे वह देहात कोतवाली के रास्ते होते हुए कटरा कोतवाली क्षेत्र के नटवां तिराहे पर पहुंचे तो कोतवाली की पुलिस में हड़कंप मच गया। कप्तान के देर रात आने की खबर लगते ही पुलिस कर्मी सतर्क हो गए । नटवां के जौनपुर तिराहे पर पहुंचते ही उन्होंने आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू करा दी।
कुछ देर तक वहां वाहनों की चेकिेंग करने के बाद शास्त्री पुल पर पहुंचे। इसी बीच एक काले रंग की बोलेरो आते दिखाई दी। जिसे रुकने का इशारा किया तो चालक बोलेरो लेकर भागने लगा। पीछा कर उसे पकड़ने के बाद तलाशी कराई गई तो वाहन से दो युवक व एक युवती बरामद हुए। पूछताछ करने पर युवक युवती प्रेमी प्रेमिका निकले। सच्चाई जानने के लिए उन्होंने दोनों के परिजनों को बुलाया। मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद युवती को परिवार वालों को सौंप दिया।