जिगना के सुमतियां गांव के पास रेलवे लाइन पर बैंक कर्मी का शव मिलने पर लगी भीड़
- फोटो : mirzapur
थाना क्षेत्र के समुतिया गांव के सामने अप लाइन पर गुरुवार की सुबह बैंक कर्मी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची जिगना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने शव देखकर कहा कि जिस स्थान पर घटना हुई है वहां जाने का कोई रास्ता नहीं है। आसपास कंटीले तार लगे है फिर कर्मचारी वहां कैसे पहुंच गया।
रामपुर हंसवार गांव निवासी विजय शंकर प्रजापति 35 वर्ष पुत्र केदारनाथ इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक शाखा पाली मुड़वान में चपरासी था। बुधवार की शाम करीब पांच बजे बैंक बंद होने के बाद वह शाखा प्रबंधक एवं कैशियर को आटो रिक्शा पर बैठाने के बाद चाय की दूकान पर पहुंचा। वहां चाय पी और थोड़ी देर में आने की बात बोलते हुए साइकल की निगरानी करने को कहा। वापस नहीं लौटा तो दूकानदार ने उसकी साइकल रख लिया।
कुछ लोगों का कहना है कि विजय शंकर समुतिया बार्डर पर शाम साढ़े छह बजे के करीब खड़ा था। पूछने पर बताया कि वह किसी का इंतजार कर रहा है। सुबह ग्रामीणों को बैंक शाखा से मात्र पांच सौ मीटर की दूरी पर अज्ञात शव मिलने की जानकारी हुई तो मौके पर पहुंचे। देखा कि अप लाइन पर पड़ा शव चपरासी विजय शंकर प्रजापति का है।