मिर्जापुर। लखनऊ से बस में सवार होकर वाराणसी पहुंचा मिर्जापुर भाजपा नेता का पुत्र लंका थाना क्षेत्र से अबूझ हाल में लापता हो गया। परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन की लेकिन नहीं कुछ पता नहीं चला। छात्र के पिता ने पुलिस अधीक्षक वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर बेटे की तलाश कराने की मांग की। वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी वाराणसी के एसपी से बात कर छात्र को जल्द बरामद करने को कहा है। शहर कोतवाली क्षेत्र के ओलियर घाट निवासी भाजपा नेता दुर्गा प्रसाद श्रीवास्तव का पुत्र प्रशांत श्रीवास्तव 11 नवंबर को सुबह छह बजे लखनऊ राजकीय आयुर्वेदिक कालेज में प्रवेश लेने गया था। वहां से 13 नवंबर को परिजनों को फोन कर बताया वह घर आ रहा है। दोपहर में बात हुई तो बताया कि बस से बीएचयू में रहने वाले एक दोस्त के यहां जा रहा है। वहां उससे मिलने के बाद घर आएगा। रात नौ बजे घर के लोगों से अंतिम बार उसकी बात हुई। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। उसके पास मोबाइल, लैपटाप, नगदी रुपये और कपड़े थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के नजदीकी रामकुमार विश्वकर्मा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने वाराणसी के एसपी से छात्र को जल्द बरामद करने को कहा है।