मिर्जापुर। महिला अस्पताल में बुधवार की सुबह जच्चा-बच्चा की मौत हो जाने पर परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। महिला चौकी प्रभारी गीता राय ने मामले में कार्रवाई के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लालगंज थाना क्षेत्र के नदौली करौदी गांव निवासीनी 22 वर्षीया यशोदा चार दिनों पूर्व महिला अस्पताल खुद को दिखाने आई थी। अस्पताल में दो दिन भर्ती रहने के बाद वह घर चली गई। मंगलवार की सुबह सात बजे के आस पास उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। परिजनों ने उसे दोबारा महिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उसे राहत न मिलने पर परिजन उसे एक घंटे बाद एक निजी अस्पताल में लेकर गए। वहां भी स्थिति नहीं सुधरने पर परिजन रात में फिर उसे लेकर अस्पताल में आए। बुधवार की सुबह प्रसव पीड़ा के दौरान उसकी और बच्चे की मौत हो गई। मौत होने पर परिजनों ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि अस्पताल में बेहतर उपचार न किए जाने के कारण जच्चा बच्चा की मौत हुई है। आक्रोशित परिजनो ने यूपी 100 डायल को फोन किया। पीआरवी कर्मियों ने संबंधित थाने को थाने को सूचना दी। महिला चौकी प्रभारी ने परिजनों की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।