ड्रमंडगंज, हलिया। डिप्टी एसपी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में सीबीआई की तीन सदस्यीय टीम ने मंगलवार को श्रमिकों का बयान दर्ज किया। विकास खंड हलिया के बेदउर गांव में राम जियावन के घर के पास वर्ष 2008 में तीन लाख 65 हजार की लागत से बने कूप निर्माण में काम करने वाले सात श्रमिकों का बयान दर्ज किया। बीडीसी चिंतिया के पति मखोलू ने काम कराया था और अपने तीन बेटों की हाजिरी भर दिया था। सीबीआई के बुलाने के बाद भी तीनों बेटे नहीं पहुंचे। इसके बाद सीबीआई टीम हलिया बरी संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। संपर्क मार्ग निर्माण में मैटेरियल आपूर्तिकर्ता ताराचंद्र नहीं मिले। टीम ने गृह लक्ष्मी साड़ी सेंटर में जाकर सप्लायर के बेटे निक्की से पूछताछ कर फोटोग्राफी कराया। हलिया बरी संपर्क मार्ग छह लाख पांच हजार की लागत से अवशेष कार्य किया गया था, अन्य विभाग द्वारा सड़क की पेंटिंग किया गया है। इसके बाद टीम में शामिल अफसरों ने श्रमिकों के बयान नही मिलने पर तारा चंद्र के मोबाइल पर फटकार लगाया। टीम ने ब्लॉक मुख्यालय पर श्रमिकों का बयान लिया। हलिया स्थित एक डाकबंगले में सीबीआई के रुकने की व्यवस्था की गई है लेकिन वहां आवास और खानपान की व्यवस्था ठीक नहीं है। इस पर टीम ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा था लेकिन सुधार नहीं हुआ।