अहरौरा। क्षेत्र के हनुमान घाटी के पास सोमवार की दोपहर एक युवक की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। चरवाहों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाले में अर्द्धनग्न अवस्था में पड़ी लाश को बाहर निकाला। कुछ देर बाद डाग स्क्वाड, फिंगर प्रिंट, क्राइम ब्रांच की टीम के साथ एएसपी भी मौके पर पहुंच गए। हनुमान घाटी पर लाश बरामद होने के बाद उसकी शिनाख्त कराने में पुलिस जुट गई। इस दौरान पता चला कि दो दिन पहले सोनभद्र के राबर्ट्सगंज कोतवाली में एक युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शक के आधार पर गायब युवक के परिजनों को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची। यहां परिजनों ने शव की शिनाख्त संतोष (41) पुत्र राधेश्याम निवासी बिक्छी राबर्ट्सगंज के रूप में की। मृतक के ससुर दयाशंकर ने बताया कि 21 फरवरी की शाम पांच बजे दामाद संतोष घर से सब्जी लेने बिक्छी पड़ाव के लिए निकला था। इसके बाद वह गांव के ही एक युवक के साथ राबर्ट्सगंज चला गया। चंडी होटल के पास उसके साथ पान खाया। फिर शाम सात बजे से उसका मोबाइल फोन बंद बता रहा है। दो दिन तक युवक का पता नहीं चलने पर राबर्ट्सगंज कोतवाली में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। थानाध्यक्ष अहरौरा मनोज ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या हत्या का मामला लग रहा है। गुमशुदगी का केस राबर्ट्सगंज कोतवाली में दर्ज है। इसलिए हत्या का मुकदमा वहीं दर्ज होगा।