चुनार। अवैध खनन व ओवरलोड ट्रकों के परिचालन पर रोक लगाए जाने के लिए प्रशासन, पुलिस, परिवहन व खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को देर शाम क्षेत्र में उपजिलाधिकारी चुनार अविनाश त्रिपाठी के नेतृत्व में अभियान चलाया। तहसील क्षेत्र से बिना परमिट व ओवरलोड गिट्टी बोल्डर लदे 24 ट्रकों को टीम ने पकड़कर चालान किया। सभी ट्रकों से परिवहन व खनिज विभाग द्वारा जुर्माना वसूला गया।
गुरुवार की देर शाम उपजिलाधिकारी टीम के साथ जमालपुर थाना अंतर्गत शेरवां इलाके में पहुंचकर वहां से दो, डवक क्षेत्र से तीन एवं अहरौरा क्षेत्र से 19 ट्रकों को बिना वैध परमिट के गिट्टी, बोल्डर का परिवहन करते पकड़ा और ट्रकों को संबधित पुलिस चौकी को सुपुर्द किया गया। टीम द्वारा चलाए गए अभियान की खबर लगते ही क्षेत्र में अवैध खनन व परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया। ट्रक चालक तहसील क्षेत्र में विभिन्न मार्गों पर जहां तहां अपने ट्रकों को खड़ा करके हट गए और आपस में एक दूसरे से किस क्षेत्र में टीम के लोग मौजूद है इसका पता लगाते रहे। उपजिलाधिकारी ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा पकड़े गए इन ट्रकों पर कुल 638800 रूपये का चालान बनाया गया है। इसके अतिरिक्त खनन विभाग द्वारा अलग से राजस्व आरोपित कर वसूली 4,50000 की तय की गयी है। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध खनन, परिवहन करने वालों के विरूद्ध आगे भी अभियान चलाकर इस तरह की कार्रवाई की जाएगी। टीम में परिवहन विभाग के रामसागर, एआरटीओ ज्ञान प्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी आपरेशन,केके सिंह व खनन सर्वेयर संतोष कुमार पाल आदि शामिल थे।