तीन प्रेमी जोड़े, दो होटल मैनेजर गिरफ्तार
जोड़ों में दो बनारस व एक भदोही जनपद के निवासी
पुलिस की 35 टीमों ने 50 होटलों में की छापामारी
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर,विंध्याचल। एएसपी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय के नेतृत्व में पुलिस की 35 टीमों ने रविवार की देर रात विंध्याचल व नगर के 50 होटलों में औचक छापा मारा। छापेमारी के दौरान टीम ने होटलों को खंगालते हुए संदिग्धों की तलाश की। तलाशी के दौरान विंध्याचल के तीन होटलों से तीन प्रेमी जोड़े पकड़े गए। साथ ही दो होटलों के मैनेजर को भी हिरासत में ले लिया गया। पकड़े गए प्रेमी जोड़ों में दो बनारस तथा एक भदोही के सुरियावां के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पकड़े गए आरोपियों का मेडिकल करा कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने सभी को जेल भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर प्रकाश स्वरूप पांडेय के निर्देशन में सीओ नगर संजय सिंह, सीओ सदर बृजेश तिवारी व सीओ आपेरशन केपी सिंह के नेतृत्व में 35 टीमों ने रविवार की रात 11 बजे एक साथ विंध्याचल के स्टेट बैंक चौराहा, बरतर तिराहा, बंगाली चौराहा, नई वीआईपी, बावली चौराहा, मंदिर के आसपास समेत 36 होटलों में औचक छापा मारा। पुलिस की छापेमारी की खबर लगते ही होटल व रेस्टोरेंटों मालिकों में हड़कंप मच गया। होटल के अंदर मौजूद लोग इधर उधर भागने लगे। इसी बीच सीओ सदर बृजेश तिवारी ने बरतर तिराहा व बंगाली चौराहा के पास स्थित दो होटलों से एक एक प्रेेमी जोड़े को पकड़ा। साथ ही होटलों के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं बंगाली चौराहा स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के पास एक रेस्टोरेंट से भी एक प्रेमी जोड़े को पकड़ा। वहीं देर रात नगर के लालडिंग्गी, बाजीराव कटरा, धुंधीकटरा, स्टेशन रोड, सबरी, महंत शिवाला, डंकीनगंज, सुंदरघाट, चिनहवां इनारा, चौबे टोला आदि 15 होटलों व रेस्टोरेंटों छापा मारा गया। छापेमारी में 14 थाने की पुलिस शामिल रही।
इनसेट
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रविवार की रात विंध्याचल व नगर के 50 होटलों में छापा मारा गया। जिसमें विंध्याचल के तीन होटलों से तीन प्रेमी जोड़े पकड़े गए। दो होटलों के मैनेजर को पकड़ा गया। सभी का मेडिकल करा कर न्यायालय में पेश किया गया है। -प्रकाश स्वरूप पांडेय -अपर पुलिस अधीक्षक नगर