जमुई। चुनार क्षेत्र के सरैया सिकंदरपुर गांव में अवैध शराब बेचने के विरोध में शनिवार को मारपीट हो गई। इससे नाराज गांव के लोगों ने जमुई-चुनार मार्ग को जाम कर धरना प्रदर्शन करने लगे। करीब तीन घंटे बाद पहुंचे चुनार कोतवाल कमलेश पाल ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तब ग्रामीण शांत हुए। चुनार थाना क्षेत्र के सरैया सिकंदरपुर गांव में अवैध शराब बेचने का धंधा लंबे समय से चला आ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में अवैध शराब की बिक्री होने से बुजुर्गों और युवाओं के साथ बच्चे भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। शनिवार की सुबह करीब नौ बजे गांव के किराना दुकानदार संजीत कुमार प्रजापति और रंजीत कुमार ने अवैध शराब बेचने का विरोध किया तो शराब कारोबारी मारपीट करने लगे। इससे संजीत व रंजीत को सिर में गंभीर चोटें आईं। इससे नाराज गांव के लोगों ने जमुई-चुनार मार्ग को जाम कर प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में अवैध शराब काफी लंबे से बेची जा रही है। स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से यह कारोबार चल रहा है। जाम की सूचना पाकर चुनार कोतवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तो लोग शांत हुए। इस मौके पर राहुल यादव, रामलखन, सूरज यादव, राजू यादव, कैलाश यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।