स्थानीय थाना क्षेत्र के बालूघाट पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार बिजली विभाग का अवर अभियंता बुरी तरह से घायल हो गया। हालत गंभीर देख चिकित्सक ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।विकल कुमार (50) पुत्र चेतनरायन निवासी ग्राम बगही वाराणसी के राजातालाब स्थित बिजली विभाग में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार की शाम राजातालाब से अपने गांव बगही आते समय जब वह चुनार बालूघाट पहुंचे कि तभी सेटलमेंट एरिया की तरफ से चुनार घाट की ओर तीव्र गति से आ रही ट्रैक्टर ने बुरी तरह से कुचल दिया। मौका देख कर ट्रैक्टर वहीं छोड़ कर चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अवर अभियंता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेचरी मोड़ पहुंचाया गया, चिकित्सक ने हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है।