अहरौरा। नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने के लिए सोमवार को अष्टकोणीय थाने पर तीन जनपदों के पुलिस व पीएससी के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अधिकारियों ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और सूचनाओं के त्वरित आदान प्रदान से नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने पर जोर दिया गया। एडिशनल एसपी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई बैठक में मिर्जापुर के अलावा सोनभद्र और चंदौली से आए पुलिस-पीएसी व खुफिया विभाग से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सभी ने नक्सल गतिविधियों से संबंधित जानकारी साझा की। अहरौरा थानाध्यक्ष मनोज ठाकुर ने बताया कि नक्सल गतिविधियों पूरी तरह से अंकुश लगाने की रणनीति पर तीन जिलों के अधिकारियों ने मंथन किया। इसके तहत सूचनाओं के त्वरित आदान प्रदान और तुरंत कड़ा एक्शन लेने का निर्णय लिया गया है। तय किया गया नक्सल प्रभावित थानों की पुलिस व पीएसी की कांबिंग बढ़ाई जाएगी और नक्सल गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। इस दौरान सीओ प्रमोद कुमार सिंह, इंटेलिजेंस विभाग, पीएससी के अधिकारी मौजूद रहे।