कछवां। एक ओर कछवां पुलिस दूसरे पक्ष की तहरीर पर बुधवार को 18 लोगों पर मारपीट का मामला दर्ज आरोपियों की तलाश कर रही थी। उसी 18 में से एक आरोपी दोपहर बाद कछवां पहुंचे बीजेपी जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि और मझवां विधायक सुचिस्मिता के गाड़ी में मिला। यह देख दूसरे पक्ष के बबलू राइन के समर्थक भड़क गए और थाने के सामने पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी करने वाले लोगों ने कहा कि सत्ता के लोग ही आरोपी को लेकर घुम रहे है तो उनको न्याय कैसे मिलेगा। बता दें कि बुधवार की सुबह कछवां पुलिस निजाम राइन की तहरीर पर बवाल करने वाले 18 लोगों के विरुद्घ मामला दर्ज कर उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि व मझवां विधायक सुचिस्मितता मौर्य वहां पहुंच गई। वह मामले की जानकारी ले रही थी। इसी बीच किसी ने बताया कि बवाल करने वाला एक आरोपी इनकी गाड़ी में मौजूद है। यह सुनते ही मामला बिगड़ गया और लोग भड़क गए। दूसरे पक्ष के सैंकड़ों लोग थाने पहुंच गए और पुलिस तथा जिलाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने मामला शांत कराने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने। नाराज हुई पुलिस ने उत्पात मचा रहे लोगों को लाठी भांजकर वहां से खदेड़ा।