चुनार । तहसील क्षेत्र के तहत घुरहूपुर गांव निवासी 80 वर्षीय वृद्ध से उसी के पौत्र ने कूटरचित तरीके से क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर कचहरी लाकर कई जगह हस्ताक्षर करवा लिया। वृद्ध ने कोतवाली चुनार में पौत्र सहित तीन के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। अदलहाट थाना क्षेत्र के घुरहूपुर निवासी 80 वर्षीय वृद्ध सुदर्शन सिंह का आरोप है कि उसका पौत्र तीन नवंबर 2015 को क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर उसे चुनार ले आया और किसी वकील की चौकी पर उसका फोटो खींचा गया और कई सादे पन्नों पर उससे हस्ताक्षर कराया गया । जब काफी समय बाद क्रेडिट कार्ड बन कर नहीं आया तो पौत्र से पूछा। जिस पर पौत्र ने जवाब नहीं दिया। उक्त मामले में पौत्र दीपक सिंह पुत्र बाबू लाल,निवासी घुरहूपुर, डा. जय सिंह पुत्र आदित्य निवासी बरबकपुर व कोलना निवासी प्रवीण कुमार पुत्र मोहन सिंह के विरूद्ध वृद्ध ने कोतवाली चुनार में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।